विज्ञापन के लिए संपर्क

बिना नक्शा अवैध मकान को ढहाया, एक सील

मऊ : बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से निर्माण कराने वालों पर प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल के निर्देश पर गाजीपुर तिराहे पर बिना नक्शा पास कराए बनवाए जा रहे अवैध निर्माण को जहां ढहा दिया गया वहीं एक निर्माण कार्य को सील कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।

गाजीपुर तिराहे पर सहादतपुरा निवासी अशोक शर्मा पुत्र भरत भूषण शर्मा द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही बिल्डिग बनाई जा रही थी। इनका निर्माण कार्य पूरा हो गया था। छत की शटरिग की जा रही थी। मामला जिलाधिकारी तक पहुंचा तो उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान को तत्काल मौके पर जाकर अवैध निर्माण ढहाने का निर्देश दिया। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट बुधवार को मौके बुलडोजर व पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने पिलर व शटरिग को ढहा दिया। इसी प्रकार राहुल हास्पिटल के बगल में भी बिना नक्शा के अवैध निर्माण किया जा रहा था। इसे भी सील कर दिया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि बिना नक्शा पाए कराए कोई भी अगर निर्माण कार्य कराता है तो उसे ढहा दिया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में उहापोह की स्थिति रही। इस संबंध में पूछे जाने पर जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध रूप से तमाम निर्माण कार्य बिना नक्शा पास कराए जा रहे हैं। ऐसे में अवैध निर्माण कराने वालों को चेतावनी है कि वह नक्शा पास कराकर ही अपना निर्माण कराएं। वहीं अवैध निर्माण कराने वालों से प्रशासन सख्ती से निबटेगा।

Post a Comment

0 Comments