विज्ञापन के लिए संपर्क

ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने तीन को उठाया

मुहम्मदाबाद गोहना/वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली थाना क्षेत्र के मड़हा पट्टी गांव के प्रधान पर बुधवार की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इधर घायल प्रधान के दूसरे हाथ में फंसी गोली को चिकित्सकों ने आपरेशन कर गोली को बाहर निकाल दिया गया है। अब उनकी जान खतरे से बाहर है। प्रधान ने हमलावरों को पहचान लिया है। उन्होंने पुलिस को अपने बयान में आरोपितों का नाम भी बताया है। इसी आधार पर पुलिस आरोपितों के संभावित ठिकानों पर धर-पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। प्रधान के भाई ने दस के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
मड़हा पट्टी प्रधान बृजराज निषाद बुधवार की शाम अपने घर से नगर के बाजार में सामान लेने आए थे। घर लौटते समय पट्टी मौजा स्थित जित्तू यादव के ट्यूवेल के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनके ऊपर फायर झोंक दिया। गोली उनकी दोनों बांह में लगी। इससे वे लहूलहान होकर गिर पड़े। गोलियों की गूंज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। भीड़ को देखते हुए हमलावर जीयनपुर की तरफ भाग निकले। प्रधान के परिजनों व समर्थकों ने घायलावस्था में सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख कर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आजमगढ़ के लिए रेफर कर दिया। आजमगढ़ के एक प्राइवेट अस्पताल में प्रधान को भर्ती कराया गया। रातभर उपचार के बाद चिकित्सकों ने गुरुवार की सुबह नौ बजे से 10 बजे तक सफल आपरेशन के बाद बांह में फंसी गोली को निकाल दिया। चिकित्सकों ने बताया कि प्रधान के स्वास्थ में अब काफी सुधार है। अब वे खतरे से बाहर हैं। उधर घटना के पीछे गंवई राजनीति और पारिवारिक विवाद की चर्चाएं चल रही हैं। घटना से पर्दा हट जाएगा।

Post a Comment

0 Comments