विज्ञापन के लिए संपर्क

अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर, रही अफरातफरी

मऊ : गाजीपुर चौराहे से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार तीसरे दिन भी अतिक्रमणकारियों पर कहर बनकर टूटा। शुक्रवार को फातिमा चौराहे से ब्रह्मस्थान तक नगर पालिका बुलडोजर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दोनों पटरियों पर अतिक्रमण हटाया। इसे लेकर अफरातफरी की स्थिति रही।

बुलडोजर के रुख को देखते हुए तमाम लोग खुद अपने अतिक्रमण हटाने लगे। यही नहीं बिजली विभाग के खंभे को भी अतिक्रमण में पड़ने पर उखाड़ कर लदवाया जा रहा था। नगर में आए दिन होने वाले जाम को लेकर प्रतिदिन प्रशासन की किरकरी हो रही थी। यह मामला लोगों ने प्रशासन के समक्ष उठाया और प्रशासन पूरी तरह से कड़ा रुख अपनाते हुए बुधवार से ही अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया। पहले गाजीपुर तिराहे पर सभी अतिक्रमणकारियों को सड़क की पटरियों से हटाया गया। इसके बाद गुरुवार को गाजीपुर तिराहा से फातिमा तिराहा तक सभी अतिक्रमणकारियों पर बुलडोजर गरजा। शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अजय कुमार गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान, सीओ सिटी धनंजय मिश्र, नगर पालिका ईओ संजय मिश्रा सहित नगरपालिका के कर्मचारी शुक्रवार को बुलडोजर के साथ फातिमा चौराहे पर पहुंचे। इस दौरान सड़क की पटरियों पर पहले पहचान चिह्न बनाया गया और लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया। इस दौरान जितने लोगों ने अपना अतिक्रमण हटा लिया, उनका तो बच गया लेकिन अन्य पर बुलडोजर चलने लगा। थोड़ी ही देर में बुलडोजर ने सड़की पटरियों से बड़े से बड़े अतिक्रमण को ढहाने जाने लगा। इसे लेकर अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी की स्थिति व्याप्त हो गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि यह अभियान लगातार चलेगा। ऐसे में समय रहते ही लोग अपना अतिक्रमण खुद हटा लें। लगभग पांच घंटे तक चले अभियान के दौरान अतिक्रमकारियों पर 20 हजार रूपये से अधिक का जहां जुर्माना लगाया गया वहीं सड़क व पटरियों पर अतिक्रमण कर रखे सामान भी जब्त कर लिए गए।

Post a Comment

0 Comments