विज्ञापन के लिए संपर्क

मंडलायुक्त ने किया कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण

मंडलायुक्त ने किया कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण
■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■
*मऊ :* मंडलायुक्त आजमगढ़ मंडल विजय विश्वास पंत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों में तमाम कमियां मिलने पर जहां नाराजगी जताई वहीं अभिलेखागार के साफ-सुथरा रहने पर वहां के स्टाफ को शाबासी भी दी। कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका अधूरी मिलने पर वेतन लिपिक को चेतावनी दी और तत्काल इसमें नामिनी सहित परिवार का डिटेल भरने का निर्देश दिया। मंडलायुक्त के डेढ़ घंटे तक कलेक्ट्रेट के निरीक्षण को लेकर अधिकारी व कर्मचारी हांफते नजर आए।

मंडलायुक्त सर्वप्रथम दोपहर लगभग 12 बजे डाटा सेंटर में पहुंचे। यहां भूमि सुधार लिपिक से लैंड रिकार्ड के बारे में पूछताछ की। जनपद में 179 तालाबों पर कब्जा है। इसमें से 32 से कब्जा हटवा दिया गया है जबकि अभी भी 211 पर कब्जा बरकरार है। इस पर सीआरओ हंसराज को युद्धस्तर पर कब्जा हटाने का निर्देश दिया। यहां से शस्त्र अनुभाग में शस्त्रों के रखने के रिकार्ड को देखा। यहां संबंधित कर्मी से बंदूक, राइफल के स्टांप शुल्क को देखा। इसके अलावा नवीनीकरण की भी जानकारी ली। यहां रजिस्टर सही न मिलने पर नाराजगी जताई। फिर संग्रह अनुभार में पहुंचे। यहां विद्युत विभाग की आरसी के रजिस्टर देखा और संबंधित पटल सहायक द्वारा रजिस्टर मेंटेन रखने पर उसे शाबासी दी। आठ लाख के आरसी पर मात्र 50 हजार की जमा धनराशि पर असंतोष जताते हुए एडीएम केहरी सिंह से तत्काल धनराशि जमा करवाने को कहा। ईंट भट्ठों के संबंध में जानकारी ली और 351 भट्ठों में से 103 भट्ठों से नवीनीकरण व वसूली की बात कही गई। 112 शेष बचे हैं। अन्य की वसूली प्रक्रिया में है। कहा कि हर हाल में सभी भट्ठों की पर्यावरण रिपोर्ट लगनी चाहिए। इसके बाद ई-डिस्ट्रिक्ट सेल पहुंचे। यहां आइजीआरएस में तमाम मामले लंबित रहने पर तत्काल निस्तारण का निर्देश एडीएम को दिया। नजारत के निरीक्षण के बाद खाद्य सुरक्षा एवं रसद अधिकारी कार्यालय में पहुंचे। यहां अब तक लिए गए संबंधित नमूनों के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल, सीआरओ हंसराज, एडीएम केहरी सिंह, अतिरिक्त मजिस्टेट आशुतोष राय आदि उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments