विज्ञापन के लिए संपर्क

सात विकास खंडों से खरीदे गए मात्र 124 नामांकन पत्र

सात विकास खंडों से खरीदे गए मात्र 124 नामांकन पत्र
मऊ : त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे विकास खंडों पर चहलकदमी तेज होती जा रही है। रविवार को नामांकन पत्रों की खरीदारी की रफ्तार मंद रही। सभी नौ ब्लाकों से केवल सात ब्लाकों में ही कुल 124 नामांकन पत्र खरीदे गए। इसमें सबसे ज्यादा प्रधान पद के नामांकन पत्रों पर ही लोगों का फोकस है। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पद को लेकर उत्साह बहुत ही कम दिखाई पड़ रहा है। मुहम्मदाबाद गोहना व रानीपुर में रविवार को छुट्टी समझ दावेदार नहीं आए और नामांकन पत्रों की खरीदारी ठप रही
घोसी तहसील कार्यालय के अनुसार पंचायत चुनाव में तहसील क्षेत्र की तीन क्षेत्र पंचायतों में भाग ले रहे ग्राम पंचायत सदस्य, बीडीसी एवं ग्राम प्रधान पद के कुल दावेदारों 67 ने नाम निर्देशन प्रपत्र का क्रय किया। घोसी ब्लाक में प्रधान पद के मात्र 03 दावेदारों ने खरीद किया। तीनों ही दावेदार आरक्षित श्रेणी के रहे। अन्य पदों के लिए एक भी दावेदार ने नामांकन प्रपत्र क्रय नहीं किया। दोहरीघाट में 11 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदा। इनमें प्रधान पद के 06, बीडीसी के सदस्यों की संख्या 05 रही। ग्राम पंचायत सदस्य के दावेदारों की संख्या शून्य रही। बड़रांव ब्लाक में सर्वाधिक 53 प्रपत्र बिके। प्रधान पद के 15, बीडीसी के 08 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 30 दावेदारों ने नाम निर्देशन प्रपत्र क्रय किया।

मधुबन तहसील कार्यालय के अनुसार फतहपुर मंडाव ब्लाक में कुल 14 पर्चों की खरीदारी हुई। यहां भी रविवार का दिन होने के चलते लोग कम ही आए। इसमें प्रधान पद के 09, बीडीसी के 05 ने खरीद किया। ब्लाक पर दिनभर कर्मचारी लोगों का इंतजार करते रहे परंतु कम ही लोग आए।

सदर तहसील कार्यालय के अनुसार कोपागंज ब्लाक में कुल 15 पर्चों की खरीदारी हुई। इसमें प्रधान पद के 09, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 06 पर्चे बिके। परदहां ब्लाक पर मात्र चार पर्चों की खरीदारी हुई। इसमें प्रधान पद के लिए मात्र एक तथा क्षेत्र पंचायत पद पर 03 पर्चे बिके। वहीं रतनपुरा ब्लाक मुख्यालय पर ग्राम प्रधान पद के लिए 09, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 05 एवं ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 11 पर्चे खरीदे गए।

Post a Comment

0 Comments