विज्ञापन के लिए संपर्क

जीरो-बी ओवरब्रिज के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज

मऊ : शहर के बाल निकेतन रेलवे क्रासिग संख्या जीरो-बी पर ओवरब्रिज निर्माण की योजना पूरी करने की तैयारियां धीरे-धीरे परवान चढ़ने लगी हैं। ओवरब्रिज निर्माण के मार्ग में आ रही निजी व सरकारी जमीनों के अधिग्रहण के लिए उनके मूल्यांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू कर दी गई। राज्य सेतु निगम एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों ने ओबी निर्माण स्थल के संयुक्त सर्वे के बाद एक-एक कड़ी जमीन की नाप लिया और भूमि के मूल्यांकन के लिए दस्तावेज तैयार किए।

समाजसेवी एवं सहरोज गांव निवासी देवप्रकाश राय की जनहित याचिका पर हाईकोर्ट के आदेश के बाद बनने जा रहे शहर के जीरो-बी ओवरब्रिज की अंतिम आगणन रिपोर्ट तैयार होकर राज्य सेतु निगम के मुख्यालय जा चुकी है। मुख्यालय से अधिग्रहित की जाने वाली भूमि की रिपोर्ट जल्द से जल्द तलब की गई है। सेतु निगम की ओर से यह रिपोर्ट भी उपजिलाधिकारी सदर के माध्यम से प्राप्त कर इसी सप्ताह भेजने की तैयारी है। ओवरब्रिज निर्माण स्थल के सर्वे के दौरान मौजूद सेतु निगम के सुपरवाइजर रोहित सिंह ने बताया कि शहरी क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक मृत्युंजय सिंह को साथ लेकर ओवरब्रिज के स्वीकृत नक्शे के अनुरूप भूमि की पैमाइश व मूल्यांकन का कार्य किया जा रहा है। तैयार सर्वे व मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी किए जाने के साथ-साथ निर्माण की धरातलीय तैयारियां भी शुरू कर दी जाएंगी। सर्वे कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। बहुत जल्द इसी रिपोर्ट प्राप्त हो जाएगी। इसके बाद जीरोबी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Post a Comment

0 Comments