विज्ञापन के लिए संपर्क

ओडीएफ प्लस घोषित किया गया मऊ नगर पालिका

ओडीएफ प्लस घोषित किया गया मऊ नगर पालिका
■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■■
*मऊ:* स्वच्छ भारत मिशन के सपने को साकार करने में लगी नगर पालिका मऊ को इस वर्ष ओडीएफ प्लस-घोषित किया गया है। पिछले वर्ष भी नगर पालिका को ओडीएफ का तमगा मिला था। केंद्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय की ओर से कराए गए सर्वे में नगर पालिका मऊ के अलावा जिले की सात निकायों को भी यह उपलब्धि मिली है। हालांकि तीन निकाय इस उपलब्धि को हासिल करने में पीछे रह गए हैं।
बीते वर्ष नवंबर माह में केंद्र सरकार की टीम ने नगर पालिका क्षेत्र के अलावा निकायों के अन्य निकायों का सर्वे किया था। नगर पालिका क्षेत्र को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर शौचालय बनवाए गए। सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों में हैंड ड्रायर सहित महिलाओं के लिए सेनेट्री पैड वेंडिग मशीन और पैड डिस्पोजल की व्यवस्था सहित अन्य मानक पूरे पाए गए।
सर्वे टीम को जांच में सफाई भी मानक के अनुरूप मिली।
इस सर्वे रिपोर्ट पर गत दिवस जारी रिपोर्ट में नगर पालिका मऊ को ओडीएफ प्लस का तमगा दिया गया। गत वर्ष नगर पालिका को ओडीएफ का तमगा मिला था। सकारात्मक बात है कि जिले की नगर निकाय कोपागंज, मुहम्मदाबाद गोहना, घोसी, मधुबन, अदरी, अमिला नगर पंचायत को भी ओडीएफ प्लस घोषित किया गया है। जबकि दोहरीघाट, चिरैयाकोट नगर पंचायत इस उपलब्धि सै वंचित रह गए। वहीं वलीदपुर नगर पंचायत ओडीएफ घोषित की गई है। नगर पालिका मऊ के ईओ संजय कुमार मिश्रा ने इस उपलब्धि के लिए सभी कर्मचारियों को बधाई दी हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसा ही उत्कृष्ट कार्य करते हुए नगर पालिका का मान बढ़ाने की अपेक्षा जाहिर की।
इन सुविधाओं ने दिलाई उपलब्धि
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक नरेश ने बताया कि नगर पालिका को यह उपलब्धि सामुदायिक- सार्वजनिक शौचालयों में लोगों के लिए हैंडवाश की व्यवस्था करने के साथ सजने-संवरने के लिए आइने लगाने पर मिली है। वहीं महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें लगाईं गईं। इसके अलावा सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। ओडीएफ प्लस होना स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सफाई और खाद्य निरीक्षक नरेश ने बताया कि खुले में शौच मुक्ति के लिए अभियान चलाया गया था। इसके तहत शहर पहले ही ओडीएफ घोषित हो गया था। इसे कायम रखते हुए नपा ने लगातार प्रयास किए जिसकी बदौलत अब ओडीएफ प्लस का दर्जा मिल सका। इसका श्रेय नागरिकों को जाता है जिन्होंने शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग दिया।

Post a Comment

0 Comments