विज्ञापन के लिए संपर्क

जीरो-बी ओवरब्रिज के लिए निशानदेही शुरू

मऊ : शहर के बालनिकेतन रेलवे क्रासिग संख्या जीरो-बी पर ओवरब्रिज निर्माण की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। ओवरब्रिज के पुराने नक्शे में रेलवे के अभियंताओं की ओर से किए गए संशोधन के मुताबिक पिछले तीन दिनों से किया जा रहा सर्वे कार्य शुक्रवार को पूरा कर लिया गया। संशोधित नक्शे व आकृति के अनुसार भूमि का सर्वे कर जगह-जगह पिलरों की निशानदेही कर ली गई है। उत्तर प्रदेश सेतु निगम की ओर से अब ओवरब्रिज निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बालनिकेतन रेलवे क्रासिग के बंद होने के बाद शहर की सवा तीन लाख की आबादी दो भागों में बंट जाती है। रेलवे क्रासिग पर लंबा जाम दिन में 20 बार लग जाना आम बात है। जाम खुलते ही शहर के बाकी हिस्सों में जाम की नौबत आ जाती है। ओवरब्रिज निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में तेजी आने से शहरवासियों को सबसे बड़ी समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद प्रबल होती जा रही है। बता दें कि सहरोज निवासी समाजसेवी देवप्रकाश राय की जनहित याचिका पर हाईकोर्ट के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने इस ओवरब्रिज को बनाए जाने की अपनी मंजूरी देते हुए निर्माण की जिम्मेदारी राज्य सेतु निगम को सौंपा है। सर्वे पूरा होने के बाद सेतु निगम के अधिकारियों ने भूमि अधिग्रहण के लिए जिला प्रशासन से वार्ता का दौर आरंभ कर दिया है। जल्द ही यह प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी।

Post a Comment

0 Comments