विज्ञापन के लिए संपर्क

Mau:- माडल चौराहा बनेगा शहर का गाजीपुर तिराहा

मऊ : शहर के सुंदरीकरण व माडल बनाने के लिए जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने पहल शुरू कर दी है। अब गाजीपुर तिराहे को माडल चौराहा बनाया जाएगा। यही नहीं आजमगढ़ तिराहा, मिर्जाहादीपुरा सहित शहर के कई चौराहों का भी सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके लिए युद्धस्तर पर मास्टर प्लान बनाया जा रहा है। संपूर्ण खर्च की धनराशि नगर पालिका वहन करेगी। इसके लिए इंजीनियरों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यही नहीं 100 या 50 फीट ऊंचाई पर गाजीपुर तिराहे के बीच में तिरंगा भी फहराए जाएगा। इसके तहत सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन सीओ धनंजय मिश्र के साथ शुक्रवार को दोपहर में गाजीपुर तिराहा का निरीक्षण किया और मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही मास्टर प्लान बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि गाजीपुर तिराहा को इच्छुक व्यापारी, अस्पताल आदि द्वारा गोद लिया जाएगा और विकसित किया जाएगा। अनेक व्यापारी और अस्पताल लगातार सुंदरीकरण कराने के लिए संपर्क भी कर रहे हैं। इसके सौंदर्यीकरण में नगरपालिका द्वारा भी धनराशि व्यय की जाएगी। पब्लिक प्राइवेट माडल पर विकसित किया जाएगा। सहयोग करने वाले एवं गोद लेने वाले व्यापारी और अस्पताल द्वारा संक्षिप्त प्रचार के लिए बैनर लगाए जाने का भी प्रस्ताव है लेकिन वह नगरपालिका के नियमों के अधीन रहेगा। सुंदरीकरण के लिए मार्केट आर्किटेक्ट प्लान के लिए इंजीनियर विनियमित क्षेत्र को निर्देशित किया गया है कि वह एक सप्ताह के अंदर प्राक्कलन सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें। तिरंगा झंडा को भी प्लान में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान बनाए जाने की कार्रवाई एक सप्ताह के अंदर पूरी कर ली जाए। इसके बाद गाजीपुर तिराहा पब्लिक प्राइवेट माडल के आधार पर सुंदरीकरण करने के साथ ही यातायात की समस्या का भी समाधान कर दिया जाएगा। इसके बाद यहां जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी। शहर पूरी तरह से जगमगाता नजर आएगा। पूरे शहर को हरा-भरा व लाइटों से चकाचौंध किया जाएगा। हर सुविधाओं का ख्याल रखते हुए पूरे नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने का भी प्रयास किया जाएगा। पूरी तरह से अत्याधुनिक सुविधाओं से शहर को लैस कर दिया जाएगा। ताकि बाहर से आने वाले लोगों को नगर बदला नजर आए।

Post a Comment

0 Comments